



भव्य विसर्जन जुलूस के साथ मां दुर्गा को दी विदाई, भक्तों की आंखें हुई नम
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बरमसिया रक्षित हाउस से चैती दुर्गा माता की प्रतिमा का विधि-विधान के साथ भव्य विसर्जन जुलूस निकाला गया। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
विसर्जन जुलूस में महिला, युवतियों और युवकों की बड़ी संख्या शामिल हुई। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ मां दुर्गा के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। जुलूस बरमसिया रक्षित हाउस से शुरू होकर बजरंग चौक, मकतपुर सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः बरमसिया पहुंचा।

पूरे मार्ग में श्रद्धालु नाचते-गाते और मां दुर्गा के भजनों पर झूमते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और मां की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
अंततः साई मंदिर के सामने स्थित चिल्ड्रन पार्क तालाब में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन नम आंखों के साथ किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। विसर्जन के समय माहौल भावुक हो गया और भक्त अगले वर्ष मां के पुनः आगमन की प्रार्थना करते नजर आए।



