कुइयां में अवैध उत्खनन पर छापामारी, 40 टन कोयला जब्त

Advertisements

कुइयां में अवैध उत्खनन पर छापामारी, 40 टन कोयला जब्त

डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : बस्ताकोला क्षेत्र के कुइयां पांच नंबर में चल रहे अवैध उत्खनन स्थल पर तीसरा पुलिस, सीआईएफ और केओसीपी प्रबंधन द्वारा संयुक्त रूप से शुक्रवार को छापामारी की गई। कार्रवाई के दौरान करीब 40 टन कोयला जप्त किया गया, जबकि मौके से कोयला तस्कर फरार होने में सफल रहे। जप्त कोयले को केओसीपी लोडिंग प्वाइंट में गिरा दिया गया है।

प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की छापामारी आगे भी लगातार जारी रहेगी। जहां-जहां अवैध उत्खनन किया जा रहा है, वहां मुहानों की भराई कराई जाएगी और किसी भी हाल में कोयला चोरी नहीं होने दी जाएगी। इस कार्रवाई के बाद कोयला तस्करों में हड़कंप मच गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुइयां पांच नंबर में पिछले कई दिनों से एक सिंह जी और यादव जी की देखरेख में अवैध उत्खनन धड़ल्ले से चल रहा था। तस्कर अवैध मुहाना खोलकर कोयले की कटाई कराते हैं और बंगाल, निरसा, टुंडी व आदित्यपुर क्षेत्रों से मजदूर बुलाकर काम कराया जाता है। मजदूरों को रहने-खाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। एक मुहाने में 50 से 100 मजदूर काम करते हैं और उन्हें प्रति बोरा कोयला के हिसाब से भुगतान किया जाता है। रात के समय ट्रकों के माध्यम से कोयला बाहर भेजा जाता है।

गौरतलब है कि यह अवैध उत्खनन स्थल तीन तल्ला कॉलोनी के बिल्कुल सटे हुए क्षेत्र में स्थित है, जिससे कभी भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। जानकारों के मुताबिक, पहले यहां खदान संचालित थी और कंपनी द्वारा छोड़े गए पिलरों को भी तस्करों द्वारा कटवाया जा रहा है, जिससे कॉलोनी पर खतरा और बढ़ गया है।

केओसीपी के परियोजना पदाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि तीन हाइवा कोयला जप्त किया गया है और अवैध मुहानों की भराई करा दी गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर कोयला चोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इधर, घनुडीह ओपी क्षेत्र के कुइया तिवारी कोठी में भी अवैध खनन जोरों पर है, जहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top