



विविध खबरें:-
धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-धनबाद स्पेशल के परिचालन में विस्तार
डीजे न्यूज, धनबाद: यात्रियों की सुविधा एवं उनके सुगम आवागमन हेतु गाड़ी संख्या 03379/ 03380 धनबाद- लोकमान्य तिलक टर्मिनस- धनबाद स्पेशल गाड़ी के परिचालन का विस्तार किया जाएगा। देखिए ट्रेन सं.,ट्रेन का नाम,परिचालन का दिन तथा विस्तारित तिथि का विवरण।
03379धनबाद-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल, मंगलवार, 31 मार्च (01 ट्रिप)।
03380लोकमान्य तिलक टर्मिनस-धनबाद स्पेशल, गुरुवार, 02 अप्रैल (01 ट्रिप)।
———————————————-
जर्जर सड़क की मरम्मत कराने की मांग
बलियापुर: पूर्व जिप सदस्य व भाजपा नेत्री तारा देवी ने भुईफोड़ मोड़ से बलियापुर विनोद बिहारी महतो चौक तक जर्जर हीरक सड़क की मरम्मती कराने की मांग की है। इस बाबत उन्होंने उपायुक्त को पत्र प्रेषित कर कहा है कि 18 किलोमीटर लंबी उक्त रोड की जर्जरावस्था का हाल यह है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले राहगीरों को भी हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है।
——————————————–
बलियापुर पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
बलियापुर: रामनवमी त्योहार के मद्देनजर बलियापुर पुलिस ने गुरुवार की शाम बलियापुर के विभिन्न जगहों पर फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च में सीओ मुरारी नायक एवं थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार, देवरा पासवान के अलावा थाना के अन्य पुलिस जवान शामिल थे। मौके पर सीओ एवं थाना प्रभारी ने लोगों से त्यौहार को शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।
————————————————-
डेको के साइट इंचार्ज को धमकी, पुलिस जांच में जुटी
कतरास: बरोरा एरिया वन में संचालित डेको आउटसोर्सिंग के लेफ्ट आउट पैच-बी में कार्यरत साइट इंचार्ज संदीप सिंह को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। गिरिडीह जिले के टीकामगहा निवासी संदीप सिंह ने बुधवार की देर शाम बरोरा थाना में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने बताया कि कोयला उत्पादन कार्य के दौरान अजय महतो ने गलत स्थान से कोयला उत्पादन करने का दबाव बनाया। इसका विरोध करने पर प्रोजेक्ट ऑफिसर के मोबाइल से अजय महतो ने फोन कर उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। संदीप सिंह का आरोप है कि अजय ने चेतावनी दी कि यदि वे बाघमारा क्षेत्र में दिखे तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। पीड़ित ने थाना प्रभारी से मामले में संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।



