



डिग्री कॉलेज टुंडी में भगत सिंह को नमन के साथ शहीद दिवस पर संगोष्ठी आयोजित 
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : डिग्री कॉलेज टुंडी के बिरसा मुंडा सभागार में सोमवार को शहीद दिवस के अवसर पर भारत में क्रांतिकारी आंदोलन का विकास : चापेकर बंधुओं से भगत सिंह और उनके साथियों तक विषय पर संगोष्ठी प्राचार्य डॉ इंद्रजीत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विनोद बिहारी महतो एवं शहीद-ए-आजम भगत सिंह के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात वंदे मातरम गीत से पूरा सभागार गूंज उठा और शहीदों को नमन करते हुए कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
प्राचार्य डॉ इंद्रजीत कुमार ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि क्रांतिकारी आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का स्वर्णिम काल है। इतिहास विभाग के प्रो अविनाश कुमार ने भारत में क्रांतिकारी आंदोलन के विकास पर प्रकाश डालते हुए चापेकर बंधुओं से लेकर भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के बलिदान पर विस्तृत चर्चा की तथा विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और देश के लिए आत्मसमर्पण की भावना जागृत करने का प्रयास किया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इतिहास विभाग के छात्र सोनू कुमार ने भाषण एवं गीत प्रस्तुत किया, वहीं लक्ष्मी कुमारी ने कविता पाठ किया।
पॉश एक्ट 2013 और लैंगिक संवेदनशीलता पर भी हुई संगोष्ठी, विद्यार्थियों को किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दूसरे चरण में पॉश (POSH) एक्ट 2013 एवं लैंगिक संवेदनशीलता विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। राजनीति विज्ञान विभाग की प्रोo डॉo कुसुम रानी ने वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से लैंगिक असमानता को दर्शाने का प्रयास किया। समाजशास्त्र विभाग की प्रोo लक्ष्मी कुमारी ने पॉश एक्ट पर बीज वक्तव्य देते हुए कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम, निषेध एवं निवारण से जुड़े प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉo रानी सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



