



टुंडी थाना में शांति समिति की बैठक, रामनवमी को लेकर प्रशासन अलर्ट 
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : रामनवमी पर्व को लेकर सोमवार को टुंडी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी उमाशंकर ने सभी समितियों को निर्देश दिया कि जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाए। उन्होंने कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में जुलूस तय रूट से अलग नहीं जाना चाहिए।
थाना प्रभारी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाले भ्रामक पोस्ट को लेकर भी सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह की किसी भी जानकारी की तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। प्रशासन ने आम जनता से सहयोग करने एवं शांति बनाए रखने की अपील की।
बैठक में मुख्य रूप से टुंडी बीडीओ विशाल कुमार पांडेय एवं प्रभारी अंचलाधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान बाबा गोपाल पांडे, विजय चौधरी, नीलमोहन मिश्रा, अब्दुल कयूम अंसारी, ऐनुल अंसारी, धर्मेंद्र कुमार, गिरधारी महतो, प्रभाकर गुप्ता, अनवर अंसारी, भगीरथ महतो, सन्तु किस्कू, हरिलाल सोरेन, हृदय चौधरी, शहजाद अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।



