




देवघर के सभी जल स्रोतों की कराएं जियोटैगिंग : नमन प्रियेश लकड़ा
विश्व जल दिवस पर जल महोत्सव का आयोजन
डीजे न्यूज,देवघर : विश्व जल दिवस के अवसर पर जल महोत्सव के तहत समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना रहा। इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायतों के मुखिया एवं जल सहिया ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को जल शपथ दिलाकर जल संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने इस मौके पर कहा कि जल के बिना जीवन संभव नहीं है, इसलिए इसके संरक्षण को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक वर्षा जल संचयन करने, भूजल स्तर को बनाए रखने और जल संकट से बचने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने हर घर नल जल योजना के कार्यों में तेजी लाने तथा प्रत्येक पंचायत में जलकर लागू करने की बात कही। साथ ही जिले के सभी जल स्रोतों की जियोटैगिंग कराने का निर्देश दिया गया, जिससे उनके संरक्षण और निगरानी में आसानी हो सके। ‘थीम बेस्ड’ साफ-सफाई अभियान चलाकर तालाबों, नदियों, सार्वजनिक स्थलों और खेल मैदानों को स्वच्छ रखने पर भी विशेष बल दिया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के अंत में जल संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले मास्टर जल सहिया, जल सहिया, पंचायत प्रतिनिधियों, कनीय अभियंताओं एवं अन्य कर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। उनके कार्यों की सराहना करते हुए अन्य लोगों को भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल देवघर व मधुपुर, विभिन्न प्रखंडों के अधिकारी, मुखिया, जल सहिया, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के कर्मी उपस्थित रहे।



