



तेज रफ्तार आल्टो कार बाथरूम में घुसी, स्नान कर रही युवती घायल 
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : भौरा ओपी क्षेत्र के सात नंबर चेक पोस्ट के निकट मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार आल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने स्नानघर में जा घुसी। इस दौरान वहां स्नान कर रही एक युवती घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। वाहन सड़क किनारे बने स्नानघर को तोड़ते हुए खेत में जा घुसा। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कार में सवार चालक और उसका एक साथी वाहन छोड़कर फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि झरिया-भौरा मार्ग पर एक युवक को कार चलाना सिखाया जा रहा था। इसी दौरान उसने ब्रेक की जगह एक्सीलेटर दबा दिया, जिससे कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर थाना ले गई है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे लोग इसी स्थान पर स्नान करते हैं। उन्होंने मांग की है कि क्षतिग्रस्त स्नानघर का पुनर्निर्माण कराया जाए, घायल युवती का समुचित इलाज कराया जाए तथा यहां बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि वाहन धीमी गति से चलें।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि पिछले महीने इसी स्थान पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो एक घर में घुस गई थी। उस समय भी बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बचाव हुआ था। उन्होंने कहा कि सड़क के घुमावदार होने और चेक पोस्ट के पास हाईवा वाहनों के खड़े रहने के कारण यहां अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। अब तक इस जगह पर दर्जनों दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।



