




धनबाद में 20 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या
इलाके में दहशत, जांच में जुटी पुलिस
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद सदर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रणधीर वर्मा चौक के पास स्थित एक खंडहरनुमा कृषि बाजार में गुरुवार देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक युवक की पहचान 20 वर्षीय रोहित सिंह के रूप में हुई है। उसका गला किसी धारदार हथियार से रेता हुआ था।
सीढ़ियों पर खून से सने चप्पलों के निशान पाए गए हैं, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि इस वारदात में एक से अधिक अपराधी शामिल हो सकते हैं। सूचना पाकर शुक्रवार को पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तहकीकात की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर खंडहरनुमा दुकान के नीचे पड़े खून पर पड़ी, तब इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ। जब लोग ऊपर पहुंचे तो वहां रोहित सिंह का शव मिला।
बताया जा रहा है कि रोहित सिंह कई वर्षों से उसी खंडहरनुमा दुकान में रहकर अपना जीवन यापन कर रहा था। रोज की तरह वह रात में खाना खाकर सोने चला गया था, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी रामेश्वर राम ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से जांच जारी है। इस निर्मम हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है, और सभी की नजर अब पुलिस जांच के नतीजों पर टिकी है।



