




बैंकिंग व्यवस्था में लाएं सुधार : उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा
किसानों व छात्रों को दें प्राथमिकता
डीजे न्यूज, देवघर :
देवघर समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) एवं जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलआरसी) की बैठक में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने बैंकिंग व्यवस्था में सुधार को लेकर अधिकारियों और बैंक प्रबंधकों को कड़े निर्देश दिए। बैठक में आर्सेटी सलाहकार समिति एवं पीएमईजीपी योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि बैंकों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, इसे सुधारने के लिए ठोस कार्य योजना बनाकर कार्य किया जाए। उन्होंने सीडी रेशियो (जमा-ऋण अनुपात) में सुधार लाने, कृषि ऋण बढ़ाने तथा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के लक्ष्य को समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही स्कूली बच्चों के बैंक खाते खोलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), जनधन योजना, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं (PMJJBY, PMSBY, APY) सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने शिक्षा, कृषि, एमएसएमई एवं आवास ऋण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के स्वयं सहायता समूहों और आरसेटी से प्रशिक्षित युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रेडिट लिंकेज उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति सशक्त हो सके और रोजगार के अवसर बढ़ें।
उपायुक्त ने एनपीए खातों की भी समीक्षा करते हुए बैंक अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। साथ ही जिले के विभिन्न प्रखंडों में नई बैंक शाखाएं एवं ग्राहक सेवा केंद्र खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त पियूष सिन्हा, आरबीआई के प्रतिनिधि, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी, आरसेटी निदेशक, जेएसएलपीएस के अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



