




दो दिन से आंगनबाड़ी नहीं जा रहे बच्चे
अभिभावकों ने की भवन मरम्मती की मांग
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बाघमारा के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या चार के भवन के छत का प्लास्टर टूट कर गिरने की घटना के बाद अभिभावक भयभीत हैं। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए अभिभावकों ने बच्चों को केंद्र भेजने से इंकार कर दिया है। मालूम हो की मंगलवार को उक्त आंगनबाड़ी केंद्र भवन के छत का प्लास्टर अचानक भरभरा कर गिर पड़ा जिससे अनेक बेंच आदि क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि मौके पर कमरे में बच्चे नहीं होने के कारण कोई बड़ी दुर्घटना होने से बच गई । इस संबंध में आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका ज्योति कुमारी ने बताया कि दो दिनों से केंद्र में एक भी बच्चे नहीं पहुंच रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि जब तक क्षतिग्रस्त कमरे की छत की मरम्मती नहीं हो जाती या फिर दूसरे भवन में कक्षा का संचालन नहीं होता तब तक बच्चों को केंद्र में नहीं भेजेंगे।
घटना के तीसरे दिन गुरुवार को बाल विकास विभाग बलियापुर की पर्यवेक्षिका ने आंगनवाड़ी केंद्र भवन की स्थिति की जानकारी ली। वहीं घटना के बाद बलियापुर की प्रभारी सीडीपीओ अलका रानी ने धनबाद के जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को पत्र लिखकर क्षतिग्रस्त आंगनबाड़ी केंद्र भवन के प्लास्टर की यथाशीघ्र मरम्मती की मांग की है।



