पीरटांड़ में हस्तशिल्पियों के लिए लगा चौपाल, बांस व लाह चूड़ी कारीगरों को दी योजनाओं की जानकारी

Advertisements

पीरटांड़ में हस्तशिल्पियों के लिए लगा चौपाल, बांस व लाह चूड़ी कारीगरों को दी योजनाओं की जानकारी

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड अंतर्गत कुम्हरलालो सचिवालय में बुधवार को बांस एवं लाह चूड़ी क्राफ्ट से जुड़े हस्तशिल्पियों के साथ एक दिवसीय चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कार्यालय विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार एवं हस्तशिल्प सेवा केंद्र, देवघर के तत्वावधान में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हस्तशिल्पियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें जागरूक करना था। चौपाल में शिल्पी पहचान पत्र, प्रशिक्षण, गांधी शिल्प बाजार, स्वयं सहायता समूह, ई-कॉमर्स पोर्टल, प्रधानमंत्री बीमा योजना तथा मुद्रा लोन समेत कई योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रशिक्षण अधिकारी रवि जान रोशन ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए हस्तशिल्पियों से अपील की कि वे विभाग द्वारा आयोजित मार्केटिंग इवेंट्स एवं अन्य कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें। वहीं, झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक, कठवारा के शाखा प्रबंधक निकेश कुमार ने बैंकिंग सेवाओं के साथ मुद्रा लोन एवं कारीगरों के लिए उपलब्ध सब्सिडी की जानकारी दी।

कारीगरों के लिए कार्यरत संस्था ‘सारथी’ के सचिव अमित जायसवाल ने आर्टिजन कार्ड बनाने की प्रक्रिया और उसके लाभों पर प्रकाश डाला। कुम्हारलालो पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सुभाष कुमार ने महिला हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि कारीगरों की उन्नति से ही पंचायत का समग्र विकास संभव है।

मुख्यमंत्री लघु कुटीर एवं उद्यम विकास बोर्ड, पीरटांड़ के प्रखंड उद्यमी समन्वयक दीपक पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार हस्तशिल्पियों के उत्थान के लिए कई लाभकारी योजनाएं चला रही है, जिसका लाभ उठाकर कारीगर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। कार्यक्रम का संचालन रवि जान रोशन ने किया। इस अवसर पर सुभाष कुमार, अमित कुमार जायसवाल, निकेश कुमार, दीपक पांडेय, गौरव कुमार, एमटीएस सहित 50 से अधिक बांस एवं लाह चूड़ी क्राफ्ट के शिल्पियों ने भाग लिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top