एलपीजी गैस संकट: आक्रोशित लोगों ने धनबाद-सिंदरी मुख्य मार्ग को किया जाम

Advertisements

एलपीजी गैस संकट: आक्रोशित लोगों ने धनबाद-सिंदरी मुख्य मार्ग को किया जाम

डीजे न्यूज, धनबाद: झरिया क्षेत्र में एलपीजी गैस की भारी किल्लत से परेशान लोगों ने मंगलवार सुबह बस्ताकोला रेस्क्यू ऑफिस के पास धनबाद–सिंदरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। पिछले तीन से चार दिनों से गैस सिलेंडर के लिए लोग एजेंसी पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें हर दिन निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौधरी गैस एजेंसी में अव्यवस्था के साथ-साथ काला बाजारी भी हो रही है। उनका कहना है कि पहले बुकिंग के बाद गैस सिलेंडर सीधे घर तक पहुंचा दिया जाता था, लेकिन अब उपभोक्ताओं को खुद एजेंसी के सामने लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है। कई लोगों ने यह भी बताया कि उन्होंने 4 से 5 दिन पहले ही गैस के लिए भुगतान कर दिया था, इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है।

आज सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग बस्ताकोला इंडियन गैस एजेंसी के पास इकट्ठा होने लगे। जब करीब 11 बजे तक एजेंसी नहीं खुली, तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खत्म कराया। हालांकि, लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही गैस की आपूर्ति सुचारू नहीं हुई, तो वे फिर से उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

लोगों का यह भी मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच तनाव का असर अब स्थानीय बाजारों पर भी दिखने लगा है, जिससे गैस की कमी और बढ़ गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top