



धनबाद में शिक्षकों की समस्याओं को लेकर डीएसई से मिला शिक्षक संघ, शीघ्र समाधान का आश्वासन
नगर निगम से 8 किलोमीटर की दूरी पर पदस्थापित शिक्षकों को परिवहन भत्ता भुगतान व वर्ष 2025 में नियुक्त सहायक आचार्यों के वेतनादि भुगतान का मुद्दा उठा
डीजे न्यूज, धनबाद : अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ जिला इकाई धनबाद के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार भगत के नेतृत्व में शिक्षकों ने शनिवार को जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर वार्ता की। इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिस पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया।
बैठक में नगर निगम से 8 किलोमीटर की दूरी पर पदस्थापित शिक्षकों को परिवहन भत्ता भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने कहा कि संबंधित विद्यालय के शिक्षकों से शपथ पत्र लेकर परिवहन भत्ता का भुगतान किया जाएगा।
वहीं वर्ष 2025 में नियुक्त सहायक आचार्यों के वेतनादि भुगतान का मुद्दा भी उठाया गया। संघ की ओर से मांग की गई कि संबंधित शिक्षकों से शपथ पत्र लेकर वेतन भुगतान किया जाए तथा जीपीएफ खाता खोलने के लिए विशेष कैम्प आयोजित किया जाए। इस पर जिला शिक्षा अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि आगामी सप्ताह में इस संबंध में पत्र निर्गत किया जाएगा। इसके बाद सहायक आचार्यों की सेवापुस्तिका भी खोली जाएगी।
इसके अतिरिक्त सीपीडी प्रशिक्षण रांची द्वारा टीए बिल वाउचर जमा करने से संबंधित समस्या पर भी चर्चा हुई। संघ की ओर से इस संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त कर समस्या का समाधान करने की मांग की गई।
संघ ने यह भी मांग रखी कि विभाग द्वारा जिला स्तर पर प्रत्येक वर्ष शिक्षक सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया जाए, ताकि शिक्षकों का मनोबल बढ़े और उनके योगदान को सम्मान मिल सके।
मौके पर जिला महासचिव सियाराम प्रसाद सिंह, उपाध्यक्ष संजीव कुमार, नीरज कुमार मिश्र, संयुक्त सचिव राजीव कुमार, दिनेश राम, उप कोषाध्यक्ष राजू प्रसाद साव एवं धनबाद-2 से सुनील कुमार राय सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।



