धनबाद स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत सांसद ढुलू महतो ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

Advertisements

धनबाद स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस का भव्य स्वागत

सांसद ढुलू महतो ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

डीजे न्यूज, धनबाद: रेल यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। दक्षिण भारत को कोयलांचल से सीधे जोड़ने वाली ‘पोत्तनूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस’ का धनबाद स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। 2199 किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर जब यह ट्रेन धनबाद पहुंची, तो स्टेशन का नजारा देखने लायक था।

जैसे ही अमृत भारत एक्सप्रेस ने धनबाद प्लेटफॉर्म पर दस्तक दी, वहां मौजूद सैकड़ों लोगों ने उत्साह के साथ इसका स्वागत किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के सांसद ढुलू महतो अपने समर्थकों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने न केवल ट्रेन का स्वागत किया, बल्कि इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।

यह नई अमृत भारत एक्सप्रेस अब नियमित रूप से धनबाद और पोत्तनूर (कोयंबटूर) के बीच दौड़ेगी। 14 मार्च को दोपहर 2:00 बजे धनबाद से खुलकर यह ट्रेन बोकारो, रांची, राउरकेला, संबलपुर और विजयवाड़ा जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए 16 मार्च को सुबह 11:20 बजे पोत्तनूर पहुंचेगी। वर्तमान में यह सेवा साप्ताहिक आधार पर शुरू की गई है।

यह ट्रेन सिर्फ एक सफर नहीं, बल्कि हजारों प्रवासी मजदूरों के लिए एक वरदान है। कोयंबटूर और तिरुप्पुर जैसे टेक्सटाइल हब में काम करने वाले झारखंड और ओडिशा के मजदूरों को अब घर पहुंचने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। 22 कोच वाली इस ट्रेन में 8 स्लीपर, 11 जनरल और 2 दिव्यांग फ्रेंडली कोच लगाए गए हैं, जो सीधी, सस्ती और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करेंगे।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि यह ट्रेन धनबाद के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे का कायाकल्प हो रहा है और इस अमृत भारत एक्सप्रेस से हमारे श्रमिक भाइयों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top