



देश के विकास व नीतियों के निर्माण में अति महत्वपूर्ण है जनगणना: डीसी
मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का दिया प्रशिक्षण
डीजे न्यूज, धनबाद: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए जिला व चार्ज अधिकारियों तथा तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ शुक्रवार को समाहरणालय के सभागार में हुआ। उपायुक्त आदित्य रंजन, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे तथा अपर समाहर्ता विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जनगणना किसी भी देश के विकास के लिए योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण करने के लिए अति महत्वपूर्ण है। जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही भविष्य की योजनाएं एवं नीतियों का निर्धारण किया जाता है। लगभग डेढ़ दशक के बाद यह जनगणना कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी इसे पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सम्पन्न करें।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बताई जा रही सभी बातों को ध्यानपूर्वक समझें एवं प्रशिक्षण को सफल बनाएं। इसमें जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं, प्रश्नों के उपयोग, डेटा संकलन की प्रक्रिया तथा क्षेत्र में कार्य करने के सही तौर तरीकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
जनगणना कार्य निदेशालय, रांची, झारखंड से आए राष्ट्रीय प्रशिक्षक सह सहायक निदेशक मुरारी मोहन ने सभी प्रतिभागियों को व्यावहारिक उदाहरणों एवं पोर्टल एवं मोबाइल ऐप के माध्यम से मकान सूचीकरण एवं भवनों की गणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं को समझाया। बताया कि इस बार की जनगणना पूर्ण रूप से डिजिटल माध्यम से सम्पन्न की जाएगी। मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रगणक हर घर व हर ब्लॉक का डेटा संकलन करेंगे। डिजिटल जनगणना से सूचनाओं का संधारण, तेजी और सटीकता से किया जा सकेगा।
प्रशिक्षण के बाद सभी चार्ज अधिकारी अपने-अपने चार्ज अंतर्गत जनगणना 2027 प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य शुरू करेंगे।
मौके पर उपायुक्त आदित्य रंजन, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, राष्ट्रीय प्रशिक्षक सह सहायक निदेशक मुरारी मोहन, जिला खेल पदाधिकारी सह सांख्यिकी पदाधिकारी उमेश लोहरा, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक, प्रकाश कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



