शिक्षकों की प्रोन्नति व एमएसीपी की मांग को लेकर अजाप्टा ने विधायक संजय कुमार सिंह यादव को सौंपा ज्ञापन

Advertisements

शिक्षकों की प्रोन्नति व एमएसीपी की मांग को लेकर अजाप्टा ने विधायक संजय कुमार सिंह यादव को सौंपा ज्ञापन

डीजे न्यूज, रांची : मंगलवार देर शाम (10 मार्च 2026) को अजाप्टा के प्रदेश अध्यक्ष अनूप केसरी के नेतृत्व में प्रदेश कार्यकारिणी के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राजद के प्रदेश अध्यक्ष व हुसैनाबाद विधायक संजय कुमार सिंह यादव से रांची स्थित राजद कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उनका ध्यान आकृष्ट कराया गया।

शिक्षक प्रतिनिधियों ने बताया कि सेवा के लगभग 30–31 वर्ष पूरे होने के बावजूद पद रिक्त रहने के बाद भी अर्हताधारी शिक्षकों को समय पर प्रोन्नति नहीं मिल पाई है। इसके कारण बड़ी संख्या में शिक्षक एक ही वेतनमान में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में अभी भी बिहार की शिक्षक प्रोन्नति नियमावली प्रभावी है, जबकि बिहार में एक साथ नियुक्त शिक्षकों को ग्रेड फोर (स्नातक वेतनमान) और ग्रेड सेवन (एचएम) में पदोन्नति के साथ संबंधित वेतनमान का लाभ मिल रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कई शिक्षकों को बिहार में 10, 20 और 30 वर्षों पर अतिरिक्त वार्षिक वेतनवृद्धि और ग्रेड पे का लाभ मिल रहा है। वहीं एमएसीपी के तहत मिलने वाला वृत्ति उन्नयन लाभ भी दिया जा रहा है, लेकिन झारखंड के शिक्षक अब तक इससे वंचित हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय अदूरदर्शिता के कारण शिक्षक मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं, जबकि सीमित संसाधनों में भी राज्य के शिक्षक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहे हैं।

शिक्षक नेताओं ने बताया कि नीति आयोग की टीम ने भी झारखंड के शिक्षकों के कार्यों की सराहना की है तथा मिड डे मील रिपोर्टिंग में भी राज्य अव्वल रहा है। इसके बावजूद शिक्षकों को विभागीय नियमों के अनुरूप लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक चुनाव और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी अपनी भूमिका निभाते हैं, फिर भी उनकी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को यह भी याद दिलाया कि पूर्व में अजाप्टा के नेतृत्व में शिक्षकों ने जोरदार आंदोलन किया था, जिसमें प्रदर्शन, ज्ञापन और आमरण अनशन जैसे कार्यक्रम हुए थे। उस समय हुई उच्च स्तरीय बैठक में एमएसीपी देने पर सहमति बनी थी और अंतिम कैबिनेट बैठक में निर्णय भी लिया गया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है।

इस पर विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने कहा कि यह शिक्षकों के व्यापक हित से जुड़ा मुद्दा है और इसे प्रमुखता से विधानसभा में उठाया जाएगा।

इस मौके पर प्रदेश कोषाध्यक्ष संतोष कुमार, रांची जिला अध्यक्ष सलीम सहाय तिग्गा समेत विभिन्न प्रखंडों के शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top