बस्ताकोला प्लाई गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Advertisements

बस्ताकोला प्लाई गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

डीजे न्यूज, तिसरा, धनबाद : झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला माइंस रेस्क्यू स्टेशन के उल्टे साइड स्थित एक प्लाई गोदाम में रविवार दोपहर करीब 12 बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

बताया जाता है कि गोदाम के पास चौधरी गैस एजेंसी के अलावा कई बड़े शो-रूम और स्टाफ क्वार्टर भी स्थित हैं, जहां दर्जनभर परिवार रहते हैं। आग की सूचना मिलते ही झरिया थाना और धनसार थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में राजू अग्रवाल समेत तीन लोग झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार घरेलू गैस सिलेंडर फटने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग की चपेट में आने से एक मवेशी के झुलसने की भी सूचना है, जबकि अन्य मवेशियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top