गिरिडीह स्टेडियम का होगा कायाकल्प

Advertisements

गिरिडीह स्टेडियम का होगा कायाकल्प

खेल प्राधिकरण को भेजा गया प्रस्ताव

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले के ऐतिहासिक खेल परिसर गिरिडीह स्टेडियम के जीर्णोद्धार की मांग को लेकर उठाए गए जनहित के मुद्दे पर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। सामाजिक एवं सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल द्वारा इस विषय को उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन और खेल विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए पहल की है।
गिरिडीह स्टेडियम के आवश्यक जीर्णोद्धार को लेकर जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, जिला खेल कार्यालय गिरिडीह की ओर से सुनील खंडेलवाल को सूचित किया गया है कि इस संबंध में झारखंड खेल प्राधिकरण, रांची को विस्तृत प्राक्कलन (एस्टिमेट) तैयार करने तथा आगे की कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। इसे जिले में खेल अवसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बताया जाता है कि लगभग चार दशक पूर्व निर्मित यह स्टेडियम लंबे समय से जिले के खिलाड़ियों, युवाओं तथा विभिन्न सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र रहा है। लेकिन वर्षों से समुचित देखरेख के अभाव में इसके मैदान, दर्शक दीर्घा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं जर्जर हो चुकी हैं, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

इस स्थिति को देखते हुए सामाजिक कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने जनहित में स्टेडियम के व्यापक पुनरुद्धार की मांग उठाई थी। प्रस्तावित जीर्णोद्धार योजना में मुख्य मैदान का समतलीकरण, आधुनिक ड्रेनेज व्यवस्था, दर्शक दीर्घा का नवीनीकरण, फ्लडलाइट की स्थापना, खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम, शौचालय व पेयजल सुविधाओं का विकास तथा स्टेडियम परिसर का सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

सुनील खंडेलवाल ने कहा कि गिरिडीह जैसे उभरते जिले में खेल अवसंरचना का मजबूत होना आवश्यक है। स्टेडियम का पुनरुद्धार होने से युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। उन्होंने प्रशासन द्वारा उठाए गए कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति प्रदान की जाएगी, ताकि स्टेडियम का जीर्णोद्धार कार्य शीघ्र शुरू हो सके। साथ ही उन्होंने झारखंड सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top