



देवधर उपायुक्त ने कल्याणपुर वेयरहाउस का किया निरीक्षण

डीजे न्यूज, देवघर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने शनिवार को कल्याणपुर स्थित वेयरहाउस का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न आवश्यक पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की।
उपायुक्त ने वीवीपैट हॉल, बीयू हॉल समेत अन्य कक्षों का भी निरीक्षण किया और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने वेयरहाउस के मुख्य गेट पर लगाए गए सील की जांच की तथा परिसर में तैनात जवानों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही परिसर और कमरों में लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अग्निशमन यंत्रों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि फायर बॉक्स मशीनों की समय-समय पर जांच की जाए और परिसर की साफ-सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।



