



एमएसीपी व प्रोन्नति की मांग को लेकर शिक्षकों ने विधायक से की भेंट

डीजे न्यूज, हुसैनाबाद, पलामू : अजाप्टा हुसैनाबाद प्रखंड अध्यक्ष जुबैर अंसारी व सचिव निर्मल कुमार के नेतृत्व में दर्जनों शिक्षकों ने शनिवार की अहले सुबह करीब सात बजे स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव से उनके पुरंदर बिगहा स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान शिक्षकों ने उन्हें होली तथा पवित्र रमजान माह की बधाई दी और शिक्षा व शिक्षक हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

मुलाकात के दौरान विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने कहा कि शिक्षक समाज के राष्ट्र निर्माता हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के सच्चे दूत हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षक शिक्षा का दीप जलाए रखने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव जैसे वैधानिक चुनावों से लेकर मई 2026 में होने वाली जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में भी शिक्षकों की अहम भूमिका रहती है।
उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण कार्यों के बावजूद शिक्षकों को समय पर प्रोन्नति और बिहार की तर्ज पर 10, 20 और 30 वर्षों के नियमित अंतराल पर वृत्ति उन्नयन (एमएसीपी) का लाभ नहीं मिलना खेदजनक है। विधायक ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष बजट सत्र में भी विधानसभा में शिक्षा व शिक्षक हित से जुड़े मुद्दे उठाए थे, जिस पर तत्कालीन शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने सकारात्मक जवाब दिया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि मामला कागजी प्रक्रिया में लंबित है तो शेष सत्र के दौरान इसे प्रमुखता से उठाया जाएगा।
शिक्षकों ने बताया कि सरकार के घोषणा पत्र में भी एमएसीपी का उल्लेख किया गया था। साथ ही अंतिम कैबिनेट बैठक के बाद जारी प्रेस ब्रीफिंग में सचिव अलका तिवारी ने भी एमएसीपी लागू करने की बात कही थी, लेकिन अब तक इसका लाभ शिक्षकों को नहीं मिल पाया है। इस बीच हर महीने कई पात्र शिक्षक सेवानिवृत्त भी हो रहे हैं।
इस मौके पर शिष्टमंडल में पलामू प्रमंडल सोशल मीडिया प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता, विनोद प्रसाद, हैदरनगर प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी, कोषाध्यक्ष जितेंद्र राम, धुरेन्द्र पटेल, प्रमोद पासवान, सुनील पासवान, महेंद्र बैठा, मनोज कुमार चौधरी सहित दर्जनों शिक्षक उपस्थित थे।



