



फतेहपुर में धूमधाम से मनाया गया आदिवासियों का पवित्र बाहा पर्व 

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : प्रखंड के लटानी पंचायत अंतर्गत फतेहपुर गांव में आदिवासियों का पवित्र बाहा पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गांव के जाहेरथान (पवित्र स्थल) में नाइकी बाबा द्वारा प्रकृति देवताओं की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।

पर्व के दौरान गांव के लोग नए फूलों और पत्तों से सजे पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए। पूजा के बाद मांदर और ढोल की थाप पर युवक-युवतियों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया और एक-दूसरे को बाहा पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरे गांव में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से झामुमो नेता दिनेश रजक, मांझी हाड़ाम कृष्णा सोरेन, नाइकी मांझी रामकुमार मरांडी, परानिक मांझी लखीराम बस्की, रामलाल हांसदा, सूरूचांद हांसदा, विनोद मरांडी, उमेश मुर्मू, बाणेश्वर हांसदा सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।



