पचंबा के करण सेठ ने पहले प्रयास में ही यूपीएससी में लहराया परचम
सीसीएल डीएवी से की है इंटर व गिरिडीह कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई, भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से की है मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई, पीएसयू पावर ग्रिड में जनसंपर्क पदाधिकारी के पद पर हैं कार्यरत
डीजे न्यूज, गिरिडीह : पचंबा के रहनेवाले रंजीत कुमार गुप्ता के पुत्र करण सेठ ने यूपीएससी की परीक्षा में सफलता हासिल की है। करण को 333 रैंक मिला है। फिलवक्त करण सेठ दिल्ली में पीएसयू के पावर ग्रिड में जनसंपर्क पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। वे शुक्रवार को ड्यूटी में थे। इसी दौरान रिजल्ट निकला और ऑफिस से ही जश्न शुरु हो गया।
यूपीएससी में सफल होने की जानकारी मिलते ही दिल्ली में दोस्तों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। करण ऑफिस से जैसे ही दिल्ली के राजेंद्रनगर आवास पर पहुंचा उसके दोस्त प्रियांशु, हर्षित, अमित, मोनू, आदित्य यादव, जानवी सिंह, हनीजीत आदि ने फूल माला पहनाकर उसका स्वागत किया। इस दौरान उसे बुके देकर और गुलाल लगाकर बधाई दी। ढ़ोल बाजे पर दोस्तों ने डांस करके खुशी का इजहार किया। करण की सफलता पर पचंबा में भी परिवारवालों व आस पड़ोस में खुशी की लहर दौड़ गई और जश्न का माहौल हो गया।
दूरभाष पर करण सेठ ने बताया कि वे दिल्ली में रहकर 2024 से यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। पहले प्रयास में ही यूपीएससी की परीक्षा में सफलता का परचम लहराया। करण ने बताया कि उसने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई सीसीएल डीएवी गिरिडीह से की है। गिरिडीह कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई की। इसके बाद उनका चयन पीएसयू पावर ग्रिड में जनसंपर्क पदाधिकारी के पद पर हो गया। यूपीएससी में सफल होने पर सीसीएल डीएवी गिरिडीह के प्राचार्य ओम प्रकाश गोयल, गिरिडीह कॉलेज के प्राचार्य डॉ अनुज कुमार ने करण को बधाई दी है।