फार्मेसी सेक्टर में रिसर्च, इंडस्ट्री, क्लीनिकल प्रैक्टिस और रेगुलेटरी बॉडीज में व्यापक संभावनाएं
सलूजा गोल्ड कॉलेज ऑफ फार्मेसी में फार्मेसी एजुकेशन डे बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सलूजा गोल्ड कॉलेज ऑफ फार्मेसी, एनएच-114A बनहट्टी, मोतीलेदा गिरिडीह में शुक्रवार को फार्मेसी एजुकेशन डे बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलेज में फ्यूचर फार्मा इकोसिस्टम थीम के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान छात्रों को फार्मेसी के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं, नवाचार (इनोवेशन), शिक्षा, इंडस्ट्री सहयोग और रिसर्च के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्राचार्य दिवाकर तिवारी ने फार्मेसी के क्षेत्र में बढ़ते अवसरों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाले समय में फार्मेसी सेक्टर में रिसर्च, इंडस्ट्री, क्लीनिकल प्रैक्टिस और रेगुलेटरी बॉडीज में व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और नवाचार के साथ इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को फार्मेसी शिक्षा के महत्व और इसके उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूक करना था।