



समय पर एचपीवी जांच से गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बच सकतीं महिलाएं

मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा ने लगाया निःशुल्क एचपीवी जांच शिविर
डीजे न्यूज़ तिसरा(धनबाद) : मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा द्वारा सोमवार को मातृ सदन एवं अस्पी चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण हेतु निःशुल्क एच.पी.वी. (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच एवं रोकथाम के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम के अंतर्गत 30 वर्ष से अधिक आयु के विवाहित महिलाओं के लिए निःशुल्क स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई थी। चिकित्सकों ने बताया कि एचपीवी संक्रमण 5 से 8 वर्ष पश्चात गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का रूप ले सकता है, अतः समय पर जांच कराना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजकुमार अग्रवाल (अध्यक्ष, मारवाड़ी सम्मेलन), विशिष्ट अतिथि डॉ. कृष्णा अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक मयंक केजरीवाल तथा पूर्व अध्यक्ष विवेक लिल्हा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक मयंक केजरीवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित करना है। मंच द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।




