



20 लाख की चोरी का खुलासा करो वरना आंदोलन : विधायक चंद्रदेव महतो

चांद कुइया कॉलोनी में बढ़ते अपराध से लोगों में दहशत, थानेदार पर गंभीर आरोप
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : चांद कुइया कॉलोनी के रहने वाले बीसीसीएल कर्मी विजय सिंह एवं अन्य लोगों के यहां 5 फरवरी की रात हुई चोरी और लूट की घटना का जल्द से जल्द उदभेदन नहीं हुआ तो होली के बाद तीसरा थाना का घेराव किया जाएगा। उक्त बातें सिंदरी क्षेत्र के विधायक चंद्रदेव महतो ने आज चांद कुइया कॉलोनी में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही।
विधायक, 5 फरवरी की रात बीसीसीएल कर्मी विजय सिंह एवं अन्य लोगों के आवास में हुई चोरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉलोनीवासियों के बुलावे पर पहुंचे थे। भुक्तभोगी विजय सिंह ने विधायक को बताया कि उनके घर से 20 लाख से अधिक की संपत्ति की चोरी हुई है। प्रशासन केवल आश्वासन देता है। थाना जाते-जाते थक चुके हैं। लगभग एक महीना बीत चुका है, लेकिन केवल यही कहा जाता है कि “जल्द खुलासा होगा”, जबकि आज तक घटना का कोई उद्भेदन नहीं हुआ है। इससे कॉलोनी के लोग डरे और सहमे हुए हैं।
मुखिया प्रतिनिधि मनोज सिंह ने कहा कि कॉलोनी में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। तीसरा थानेदार सुमन कुमार केवल कोयला चोरी में मस्त हैं, सुरक्षा नाम की कोई चीज नहीं है। बार-बार घटनाएं हो रही हैं। रविवार को पूर्व प्रधानाध्यापक शिवकुमार सिंह का भी दिन में ही मोबाइल लूट लिया गया। चोरों को पुलिस का कोई भय नहीं है। हम लोग होली के बाद पूरे कॉलोनी के साथ थाना का घेराव करेंगे।
इसके अलावा चांद कुइया संक्रामक रोग अस्पताल को फिर से चालू करने एवं यहां कुत्तों के बंध्याकरण पर रोक लगाने की मांग भी ग्रामीणों ने उठाई। उनका कहना है कि बाहर से कुत्ते लाकर यहां छोड़े जाते हैं।
विधायक चंद्रदेव महतो ने भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का जल्द समाधान कराया जाएगा।
मौके पर मनोज सिंह, बिंदा पासवान, तुलसी रवानी, अमृत महतो, शैलेंद्र सिंह, कृष्ण सिंह, बनवारी सिंह, अशोक पांडे, भोला चौहान, राजेश चौहान, कारू दास, पिंटू रवानी, रिंकू खान, युधिष्ठिर महतो, रोहन भुइया, साधु बाउरी, सुभाष महतो, तारा बाउरी, अहलाद महतो, विजेंद्र तिवारी, धनंजय सिंह, फलाली सिंह, जयप्रकाश सिंह, अहलाद महतो एवं देवरंजन दास उपस्थित थे।




