



आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने की प्रेरणा देता है होली : रामनिवास यादव

उपायुक्त ने गिरिडीह वासियों को दी रंगों के त्योहार की बधाई
डीजे न्यूज, गिरिडीह : होली पर्व के पावन अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि होली रंगों, उमंग और आपसी प्रेम का त्योहार है, जो समाज में भाईचारे और सौहार्द की भावना को सुदृढ़ करता है। यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने की प्रेरणा देता है। उपायुक्त ने कहा कि होली भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं का प्रतीक है। होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है, जबकि रंगों की होली सामाजिक समरसता और एकता को दर्शाती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील तरीके से मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। साथ ही, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए तत्पर है। सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत आपूर्ति को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अंत में उन्होंने कामना की कि यह होली सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए तथा जिले में आपसी प्रेम और सद्भाव का रंग और भी गहरा हो।




