



इस शिक्षक की सेवानिवृत्ति पर रो पड़े छात्र और ग्रामीण
पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड के कुम्हारलालो पंचायत स्थित मध्य विद्यालय कर्णपुरा में शनिवार को प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार के सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। 60 वर्ष की आयु पूरी करने पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों की ओर से उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
खुखरा निवासी अरविंद कुमार पिछले करीब 16 वर्षों से इस विद्यालय में पदस्थापित थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की। बच्चों और अभिभावकों से उनका विशेष लगाव था, जिसके कारण वे सभी के बीच काफी लोकप्रिय रहे। विदाई समारोह के दौरान माहौल काफी भावुक हो गया। छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा ग्रामीण अपने प्रिय गुरुजी की विदाई पर आंसू रोक नहीं पाए। उपस्थित शिक्षकों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व की सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल पूरी तरह बेदाग और प्रेरणादायी रहा। शिक्षक अलख लाल, अरविन्द मिश्रा, संजय कुमार एवं यशवंत कुमार ने कहा कि अरविन्द कुमार मृदुभाषी एवं सरल स्वभाव के शिक्षक थे। उन्होंने न केवल शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाया, बल्कि विद्यालय को नई दिशा देने का कार्य भी किया।
झामुमो नेता कर्मवीर पंडा ने कहा कि एक आदर्श शिक्षक के सभी गुण अरविन्द सर में विद्यमान हैं और वे सदैव शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।
मौके पर विद्यालय अध्यक्ष जीतू रजवार, भाजपा नेता शंकर सिंह, अरविन्द वर्णवाल, बीरु तुरी, संजय रवानी, शिक्षिका अंजू कुमारी, महेंद्र कुमार, विकास कुमार, राजीव रंजन, लोकेश्वर प्रसाद, संतोष सिंह, सीताराम कोल्ह, बलराम सिंह, दिनेश्वर पंडा, प्रदीप महतो, अंकित कुमार सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
समारोह के अंत में प्रधानाध्यापक अरविन्द कुमार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय और यहां के विद्यार्थियों से उनका आत्मीय संबंध हमेशा बना रहेगा।





