



राजगंज में होली को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): राजगंज थाना परिसर में होली पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक सह होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं समिति सदस्यों ने हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने थाना प्रभारी से होली के दौरान शराबियों के हुड़दंग और अनियंत्रित लहरिया कट बाइक सवारों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की। सभी ने होली का त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी अलीशा कुमारी ने प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जबरन रंग लगाने, शराब पीकर उत्पात मचाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के अवसर पर डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने कहा कि होली प्रेम और भाईचारे का त्योहार है, इसे सभी लोग मिल-जुलकर हंसी-खुशी मनाएं।
बैठक का संचालन प्रमोद चौरसिया ने किया। इसके बाद होली मिलन समारोह आयोजित हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों को अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
बैठक में मुख्य रूप से संदीप अग्रवाल, दिलीप गोप, महेशपुर मुखिया मनोज कुमार महतो, सुनील साव, कौशल्या देवी, सुरेंद्र राम सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य मौजूद थे।




