



भरकट्टा में रिवॉल्वर की नोक पर व्यवसायी से जेवरात व नगदी समेत साढ़े सात लाख की लूट

डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : भरकट्टा ओपी क्षेत्र अंतर्गत भलुवा गांव के समीप शनिवार देर शाम करीब आठ बजे अज्ञात अपराधियों ने सोना-चांदी व्यवसायी शिवशंकर स्वर्णकार से रिवॉल्वर की नोक पर साढ़े सात लाख रुपये की लूट की घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित प्रतिदिन की तरह सरिया स्थित अपनी दुकान से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरिया से ही एक बाइक पर सवार तीन अपराधी उनका पीछा करते रहे। भलुवा गांव के पास सुनसान स्थान पर अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद अपराधियों ने उनके कान पर रिवॉल्वर सटा दिया और बाइक की चाबी व मोबाइल छीन लिया। बाइक की डिक्की में रखे बैग से साढ़े तीन लाख रुपये नकद एवं करीब चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। जाते-जाते अपराधियों ने पुलिस को सूचना देने पर बुरा परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित किसी तरह भरकट्टा ओपी पहुंचे और ओपी प्रभारी अमन सिंह को मामले की जानकारी दी। ओपी प्रभारी अमन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस पीड़ित के साथ जांच में जुट गई है। अपराधियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित ने जिस राशि की लूट की बात कही है, उसकी जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।




