



बिरनी में होली व रमजान को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे व शराब पर पूर्ण प्रतिबंध की अपील

डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : होली व रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर शनिवार शाम बिरनी थाना एवं भरकट्टा ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों तथा शांति समिति के सदस्यों ने होली के दौरान हर जगह शराब की बिक्री व डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने की अपील प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों से की। साथ ही दोनों समुदायों से आपसी सामंजस्य स्थापित कर होली और रमजान को शांति के साथ मनाने की अपील की गई।
बीडीओ फणीश्वर रजवार एवं सीओ संदीप मधेसिया ने कहा कि पर्व के दौरान समाज में शांति बनाए रखने में जनप्रतिनिधियों व पंचायत प्रतिनिधियों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि त्योहारों में माहौल बिगाड़ने वाले हुड़दंगियों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। समाज की स्थिति को देखते हुए त्योहार के दौरान डीजे व शराब पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। होली में हुड़दंग करने वालों को जेल भेजा जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में चल रही आपराधिक गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है। किसी भी अपरिचित व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि सत्यापन के बाद आवश्यक कार्रवाई की जा सके। किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और समाज में वैमनस्य फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता बीडीओ फणीश्वर रजवार एवं सीओ संदीप मधेसिया ने की, जबकि संचालन थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज एवं ओपी प्रभारी अमन सिंह ने किया।
बैठक में प्रमुख रामु बैठा, पंसस पंकज यादव, मुखिया मुकेश यादव, सहदेव यादव, सावित्री देवी, भाजपा नेता लक्ष्मण दास, राजदेव साव, तुलशी दास, सूरज मोदी, प्रेमचंद कुशवाहा, अनवर अंसारी, माले नेता सुखदेव राय, अजय रंजन, त्रिभुवन साव, राजेन्द्र दास, राजकिशोर रजक, सीताराम पासवान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।




