फर्जी बैंक अधिकारी बनकर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार 

Advertisements

फर्जी बैंक अधिकारी बनकर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार 

गौरव नारायण सिन्हा, गिरिडीह : बैंक अधिकारी बनकर आम जनता से साइबर ठगी करने वाले तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने छापेमारी कर रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की जानकारी आरक्षी अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से सूचना मिली थी कि ताराटॉड थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कीटाड़ से जबरदाहा जाने वाली पक्की सड़क किनारे स्थित काजू बगान में कुछ लोग फोन के जरिए साइबर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम का नेतृत्व आबिद खान, पुलिस उपाधीक्षक, साइबर थाना द्वारा किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की और तीन साइबर अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 5/2026 दर्ज किया गया है।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न बैंकों के नाम से फर्जी एपीके (APK) फाइल भेजते थे और खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। इसके बाद वे उनके बैंक खातों से अवैध रूप से रकम निकाल लेते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में 27 वर्षीय आशीष मंडल (पिता- भेखलाल मंडल), 26 वर्षीय रंजीत कुमार मंडल (पिता- बालकिशुन मंडल) दोनों निवासी नगर केश्वारी, सरिया तथा 29 वर्षीय रामेश्वर मंडल उर्फ रमेश मंडल (पिता- कैलाश मंडल) निवासी पंचनटाड़, अहिल्यापुर शामिल हैं।

पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या एपीके फाइल पर विश्वास न करें और संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत साइबर थाना को दें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top