



उपविकास आयुक्त ने आयुष सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए किया मंथन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में समग्र स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयुष विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, सेवाओं की गुणवत्ता तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विशेष रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
उप विकास आयुक्त ने आयुष केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता, उपचार की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में नियमित रूप से ओपीडी संचालित हो तथा मरीजों को आवश्यक दवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को पारंपरिक चिकित्सा पद्धति का लाभ मिलना चाहिए। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के साथ समन्वय स्थापित कर लाभुकों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आयुष विभाग की सेवाएं जनहित से सीधे जुड़ी हैं, अतः सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करें। प्रगति कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में आयुष पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




