



सड़क निर्माण को लेकर पालगंज में बवाल

विवाद रोकने थाना प्रभारी ने दो दिनों तक काम रोकने का दिया निर्देश
डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : पालगंज पंचायत अंतर्गत पालगंज बढ़ई टोला से कोयवाटांड़ तक मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार को कोयवाटांड़ के ग्रामीणों ने निर्माण कार्य को यह आरोप लगाते हुए रोक दिया कि सड़क निर्धारित मार्ग के बजाय गलत रूट से बनाई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस मार्ग से सड़क का निर्माण किया जा रहा है, उससे आम लोगों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिलेगी। उनका तर्क था कि यदि सड़क से ग्रामीणों को सहूलियत ही नहीं होगी, तो दूसरे रूट से निर्माण का कोई औचित्य नहीं है।
मामले को लेकर संवेदक ने पीरटांड़ थाना में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपेश कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। इस दौरान संवेदक और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने विवादित स्थल पर दो दिनों तक निर्माण कार्य नहीं करने का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीणों से कहा कि वे दो दिनों के भीतर वरीय अधिकारियों से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मामले का निष्पादन किया जा सके।
क्या है मामला
स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि पालगंज बढ़ई टोला से कोयवाटांड़ तक मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। जहाँ वन भूमि भी पड़ती है। ग्रामसभा करके एनओसी के लिये वन विभाग को भेजा गया था। जिस रुट को चिन्हित करके ग्राम सभा से भेजा गया था वहां अनापत्ती प्रमाण नही देकर थोड़े दूर दुसरे स्थान से अनापत्ती प्रमाण पत्र दिया गया जो कोयवाटांड़ के लोगों के लिये सुविधायुक्त नही होगा।
फिलहाल प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य दो दिनों के लिये विवादित स्थान पर अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। जहां विवाद नही है वहां संवेदक काम कर रहे हैं।




