


गोविंदपुर-साहिबगंज सड़क पर पूर्वी टुंडी में भारी मात्रा में अवैध गुटखा समेत ट्रक जब्त 

पूछताछ के बाद पुलिस ने चालक को भेजा जेल
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद) : सोमवार की देर रात गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क पर पूर्वी टुंडी पुलिस द्वारा घोषालडीह के पास अवैध गुटखा लदा एक ट्रक पकड़ा गया। उक्त वाहन के चालक को पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गोविंदपुर की ओर से आयशर ट्रक संख्या यूपी 78 एफ एन 3236 पर भारी मात्रा में अवैध और प्रतिबंधित गुटखा लदा हुआ है जो जामताड़ा की ओर जा रहा है।इसी सूचना के आधार पर गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क पर घोषालडीह के पास वाहन जांच के क्रम में उक्त ट्रक को रोककर पूछताछ की गई तो चालक कोई भी वैध और आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। जब वाहन की तलाशी ली गई तो 140 सफेद रंग के बोरे में भरा प्रतिबंधित शिखर गुटखा और 70 लाल रंग के बोरे में भरा हुआ एस एस 1 तम्बाकू पाया गया। मंगलवार को पुलिस ने कांड संख्या 11/2026 व धारा 223/274/275 बीएनएस एवं 59 खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए वाहन के चालक विकास यादव उर्फ राजा यादव को जेल भेज दिया गया।




