श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर स्वच्छता सुविधा, 10 स्थानों पर बनेंगे बहुउद्देशीय शौचालय

Advertisements

श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर स्वच्छता सुविधा, 10 स्थानों पर बनेंगे बहुउद्देशीय शौचालय

 उपायुक्त ने मेला क्षेत्र व कांवड़िया पथ का निरीक्षण कर स्थल चयन का दिया निर्देश

डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय में राजकीय श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त ने मेला क्षेत्र सहित कांवड़िया पथ दुम्मा से खिजुरिया गेट एवं श्रद्धालुओं के होल्डिंग प्वाइंट जैसे शिवगंगा, शिवराम झा चौक, बी.एड कॉलेज एवं मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

इस क्रम में उपायुक्त ने बहुउद्देशीय शौचालयों के निर्माण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए बताया कि मेला क्षेत्र में कुल 10 स्थानों को चिन्हित किया जाएगा। अंचलाधिकारी देवघर एवं मोहनपुर को स्थल चयन का स्पष्ट निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उपायुक्त ने कहा कि प्रस्तावित बहुउद्देशीय शौचालयों में पुरुष एवं महिला के लिए अलग-अलग शौचालय, स्नानागार इकाइयां, दिव्यांगजनों हेतु विशेष सुविधा तथा समुचित जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी देवघर, नगर निगम की टीम एवं पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण कर उपयुक्त स्थलों का चयन करने का निर्देश दिया गया है।

उपायुक्त ने कहा कि बहुउद्देशीय शौचालयों का निर्माण न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देगा, बल्कि श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुविधा और सम्मानजनक व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।

इसके अलावा बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमर प्रसाद, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, क्षेत्रीय उप निदेशक जियाडा, संबंधित अंचलों के अंचलाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top