




मैरानवाटांड़ सचिवालय में जीपीसीसी की बैठक : पंचायत के सतत विकास पर मंथन 

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : मैरानवाटांड़ सचिवालय में शुक्रवार को पंचायत के सतत विकास को लेकर जीपीसीसी (ग्राम पंचायत कोऑर्डिनेशन कमिटी) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुखिया खमा मोदक ने की।
बैठक में पंचायत क्षेत्र के सभी विद्यालयों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें विद्यालयों में कुल छात्र-छात्राओं की संख्या, बिजली कनेक्शन, बैठने की व्यवस्था, शौचालय की उपलब्धता (महिला व पुरुष अलग-अलग), पंखा, बाउंड्री वाल तथा प्रतिदिन मिड-डे-मील संचालन की जानकारी ली गई।
इसी प्रकार आंगनबाड़ी केंद्रों में भवन, बाउंड्री वाल, बच्चों के बैठने एवं खेलने की व्यवस्था तथा धातृ महिलाओं और बच्चों को सावित्रीबाई फुले योजना का लाभ मिलने की स्थिति की समीक्षा की गई। जनवितरण प्रणाली दुकानों में पीएच कार्ड एवं अंत्योदय कार्ड की संख्या, पंचायत में वृद्धावस्था, विधवा एवं विकलांग पेंशन से लाभान्वित लोगों की जानकारी, साथ ही अबुआ आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों की समीक्षा की गई।
बैठक में स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए कहा गया कि पंचायत के सभी घरों में शौचालय का निर्माण सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी व्यक्ति खुले में शौच न करे। साथ ही सभी बच्चों के जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पूर्व मुखिया बिपिन दां, पंचायत समिति सदस्य शिवशंकर मुर्मू, उपमुखिया चिन्तामणी दे, वार्ड सदस्य संजीत सोरेन, बबिता साहनी, पेवासी दां, कुसुम भोगताईन, सुकूरमनी सोरेन, लखी मराण्डी, समाम्मा कौशर सहित पंचायत क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश शर्मा, इन्द्र देव राय, सुभाष मोदी आदि मौजूद थे।




