नगर निकाय चुनाव की खबरें:-

Advertisements

नगर निकाय चुनाव की खबरें:-
मेयर पद के 7, अध्यक्ष पद के लिए 4 नामांकन पत्रों की हुई बिक्री

मेयर के लिए 2 प्रत्याशियों ने किया नामांकन

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निकाय चुनाव में धनबाद नगर निगम क्षेत्र में महापौर के पद के लिए शुक्रवार को 7 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। वहीं चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए 4 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।

महापौर के पद के लिए आज 2 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। जबकि चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद तथा धनबाद नगर निगम के वार्ड पार्षद के लिए एक भी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया।

आज धनबाद नगर निगम के वार्ड 1 से 5 तक 14, वार्ड 6 से 10 तक 7, वार्ड 11 से 15 तक 9, वार्ड 16 से 20 तक 7, वार्ड 21 से 25 तक 10, वार्ड 26 से 30 तक 8, वार्ड 31 से 35 तक 9, वार्ड 36 से 40 तक 5, वार्ड 41 से 45 तक 11, वार्ड 46 से 50 तक 6 एवं वार्ड संख्या 51 से 55 तक 17 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।

प्रत्याशियों के मार्गदर्शन के लिए नामांकन पत्रों के बिक्री काउंटर पर स्पष्ट साइन बोर्ड के साथ विशेष काउंटर बनाए गए हैं। वहीं नामांकन के लिए मुख्य प्रवेश द्वार एवं भवन के अंदर स्पष्ट दिशा निर्देश के साथ साइन बोर्ड लगाए गए हैं।
——————————
मास्टर ट्रेनर्स को दिया गया प्रशिक्षण

धनबाद: नगर निगम निर्वाचन के आलोक में शुक्रवार को कंबाइंड बिल्डिंग स्थित पुराने डीआरडीए सभागार में चयनित 32 मास्टर ट्रेनर्स के लिए प्रशिक्षण सह ब्रीफिंग सत्र का आयोजन किया गया।

सत्र को संबोधित करते हुए नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग सह जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा ने कहा कि इस प्रशिक्षण के आयोजन का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया की विभिन्न बारीकियों से अवगत होना है। उन्होंने सभी को निर्वाचन के नियमों के अंतर्गत अक्षरशः प्रशिक्षण प्राप्त लेने को कहा।

वहीं मुख्य प्रशिक्षक दिलीप कुमार कर्ण ने कहा कि यह निर्वाचन मतपत्र और मतपेटिका के माध्यम से कराया जाना है। उन्होंने पेपर सील के प्रयोग, मतपेटिका पर लेबल लगाने, मतपत्र में मतदाता का हस्ताक्षर, बूथ पर पीठासीन पदाधिकारी तथा मतदान पदाधिकारियों के संबंध में जानकारी दी। जबकि अन्य मुख्य मास्टर ट्रेनर राजकुमार वर्मा ने कहा कि मतपत्र को सही तरीके से फाड़कर उसे मोड़ने के बारे में जानकारी दी।

प्रशिक्षक संजय कुमार, कुमार वंदन, उमेश लाल, देवेश त्रिवेदी, बृजभूषण पांडे आदि ने भी निर्वाचन की बारीकियों से अवगत कराया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top