


















































तिसरी के पनियाय में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर हत्या का आरोप

डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह :
तिसरी प्रखंड के लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनियाय गांव में सोमवार देर रात एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान 20 वर्षीय सुरुजमुन्नी मरांडी के रूप में हुई है, जिसकी शादी छह माह पूर्व पनियाय गांव निवासी विशुन मुर्मू से हुई थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके पति विशुन मुर्मू ने गला दबाकर उसकी हत्या की है। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद गुस्से में आकर सुरुजमुन्नी ने कीटनाशक खा लिया।
बताया जाता है कि सुरुजमुन्नी तिसरी थाना क्षेत्र के मलूकचाल गांव निवासी अरुण मरांडी की पुत्री थी। वह सोमवार को सोहराय पर्व मनाने के लिए अपने पति के साथ मायके आई थी। गांव में नाच-गान चल रहा था, इसी दौरान पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विशुन ने पत्नी के साथ मारपीट भी की, जिसके बाद दोनों को परिजनों ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
इसके बाद विशुन अपनी पत्नी को लेकर रात में ही पनियाय स्थित अपने घर लौट गया। ससुराल पक्ष का दावा है कि रात में सभी लोग खाना खाकर सो गए थे, तभी सुरुजमुन्नी ने कीटनाशक खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे तिसरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से रेफर कर दिया गया। बाद में घर लौटने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इधर, लोकाय नयनपुर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।



