



शीतलहर के बीच पढ़ाई जारी: बीएनएस डीएवी में वर्चुअल कक्षाओं से बनी शैक्षणिक निरंतरता

डीजे न्यूज, गिरिडीह :
जिला प्रशासन द्वारा कड़ाके की ठंड, तेज शीतलहर एवं दिन-रात के तापमान में भारी गिरावट को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र एक बार फिर शीतकालीन अवकाश की घोषणा की गई है। ऐसे में छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए बद्री नारायण साहा डीएवी विद्यालय (बीएनएस डीएवी) में वर्चुअल कक्षाओं का सफल संचालन किया जा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि अवकाश के दौरान भी विद्यार्थियों का अध्ययन से जुड़े रहना उनके शैक्षणिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से डिजिटल माध्यमों के जरिए नियमित समय-सारणी के अनुसार ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इन कक्षाओं में विभिन्न विषयों का पुनरावर्तन, अभ्यास कार्य तथा छात्रों की शंकाओं का समाधान किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है।
विशेष रूप से सीबीएसई बारहवीं सत्र 2025-26 की प्रायोगिक परीक्षाओं की तैयारी के लिहाज से यह पहल काफी प्रभावी और उपयोगी सिद्ध हो रही है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सचिन गर्ग ने बताया कि आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से शिक्षा को अधिक सुलभ और रोचक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यालय इस तरह की इनोवेटिव शिक्षण पद्धतियों को अपनाता रहेगा। वहीं, अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के हित में एक सराहनीय कदम बताया है।




