रूपेश मंडल बने भाजपा के दुमका जिलाध्यक्ष

Advertisements

रूपेश मंडल बने भाजपा के दुमका जिलाध्यक्ष

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, सुनील सोरेन, परितोष सोरेन, सुरेश मुर्मू, निवास मंडल एवं सत्यानंद झा बाटुल प्रदेश परिषद में गए 

डीजे न्यूज, दुमका : भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन पर्व के अंतर्गत शुक्रवार को अग्रसेन भवन, दुमका में स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने की। इस अवसर पर जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक अपर्णा सेन गुप्ता, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद, वरिष्ठ नेता सुनील सोरेन सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। मंच संचालन विवेकानंद राय ने किया ।

कार्यक्रम के दौरान संगठन पर्व की प्रक्रिया के तहत जिला चुनाव अधिकारी शैलेन्द्र सिंह ने भाजपा दुमका जिला के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष के रूप में रूपेश मंडल के नाम की विधिवत एवं आधिकारिक घोषणा की। इस घोषणा के साथ ही पूरे सभागार में कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह, ऊर्जा और संगठन के प्रति नई प्रतिबद्धता देखने को मिली।

इसके साथ ही भाजपा की प्रदेश परिषद के लिए जिन नेताओं के नाम घोषित किए गए, उनमें प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, सुनील सोरेन, परितोष सोरेन,सुरेश मुर्मू,निवास मंडल एवं सत्यानंद झा ‘बाटुल’ शामिल हैं। वहीं संगठनात्मक विस्तार को मजबूती प्रदान करते हुए थाड़ीहाट मंडल अध्यक्ष के रूप में महेंद्र मंडल,मंडल प्रतिनिधि के रूप में उज्जवल कुमार देव, तथा सरैयाहाट मंडल अध्यक्ष के रूप में सुभाष यादव एवं मंडल प्रतिनिधि के रूप में दशरथ सिंह की घोषणा की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेता सुनील सोरेन ने कहा कि “संगठन पर्व प्रक्रिया कार्यकर्ताओं को नेतृत्व देने,संगठन को मजबूत करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करती है। दुमका जिला में नए नेतृत्व के साथ भाजपा और अधिक संगठित होकर जनता की आवाज बनेगी।”

वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने कहा कि “पार्टी ने जिस विश्वास के साथ नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है,वे सभी कार्यकर्ता-आधारित राजनीति को और मजबूत करेंगे। संगठन पर्व के माध्यम से भाजपा हर कार्यकर्ता को सम्मान और अवसर देती है। दुमका जिला में भाजपा को बूथ स्तर तक मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है।”

पूर्व विधायक अपर्णा सेन गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि “भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं। संगठन पर्व के माध्यम से जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे लाने का कार्य किया जा रहा है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि नया नेतृत्व पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।”

नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “पार्टी ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसे मैं पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाऊंगा। मेरा लक्ष्य है कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए और केंद्र नेतृत्व की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाया जाए।”

स्नेह मिलन समारोह के माध्यम से कार्यकर्ताओं के बीच आपसी सौहार्द, संगठनात्मक एकता एवं आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि दुमका जिला में भाजपा पूरी मजबूती के साथ जनता के मुद्दों को लेकर आगे बढ़ने को तैयार है।

कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश मुर्मू,निवास मंडल,अमिता रक्षित,अमरेंद्र सिंह,अंजुला मुर्मू,शर्मीला सोरेन,बिपिन अग्रवाल सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top