



मधुबन मकर संक्रांति मेला को लेकर प्रशासन सतर्क, शांति समिति की बैठक में मंथन

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : मधुबन में आगामी मकर संक्रांति मेला के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर शुक्रवार को मधुबन थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेला की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पीरटांड़ प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज कुमार मरांडी, अंचलाधिकारी (सीओ) ऋषिकेश मरांडी, मधुबन थाना प्रभारी संजय कुमार के अलावा मकर संक्रांति मेला समिति के सदस्य, स्थानीय संस्थाओं के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि एवं कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
बताया गया कि मकर संक्रांति के अवसर पर मधुबन में प्रतिवर्ष भव्य मेला का आयोजन होता है, जिसमें राज्य के विभिन्न हिस्सों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। भारी भीड़ को देखते हुए मेला में शांति व्यवस्था एवं मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
बैठक के दौरान बीडीओ मनोज कुमार मरांडी ने मेला परिसर में पेयजल, शौचालय, एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, साफ-सफाई एवं पार्किंग जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।
वहीं मधुबन थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मेला के दौरान पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे। जाम से निजात दिलाने के लिए जगह-जगह पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। मेला समिति के वोलेंटियर एक विशेष ड्रेस में रहेंगे और सभी के पास पहचान पत्र (बैज) अनिवार्य रहेगा। बैठक में भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी के महाप्रबंधक सुमन कुमार सिन्हा, मधुबन उप मुखिया झरीलाल महतो, पवन कुमार, नावाडीह मुखिया सुंदर किस्कू, कर्मचारी आलोक कुमार, अविषेक सिन्हा, दिलीप कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने आपसी सहयोग से मकर संक्रांति मेला को सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने का संकल्प लिया।




