



जयंती पर याद किए गए पूर्व सांसद तिलकधारी सिंह

शहर में प्रतिमा लगाने की कांग्रेस ने की मांग, मंत्री सुदिव्य सोनू से मिलेंगे कांग्रेसी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला कांग्रेस कार्यालय में कोडरमा के पूर्व सांसद स्व. तिलकधारी प्रसाद सिंह की जयंती गुरूवार को मनाई गई। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सोहेल इराकी के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। यहां इराकी के अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपेंद्र प्रसाद सिंह, अशोक विश्वकर्मा, बलराम यादव, मदन लाल विश्वकर्मा, महमूद अली खान, चंद्रशेखर सिंह, वरुण सिंह, रघुनंदन सिंह सहित अन्य कांग्रेसियों ने स्व. तिलकधारी सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनको नमन किया।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपेंद्र सिंह ने कहा कि तिलकधारी सिंह के द्वारा किए हुए कार्यों को भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के संगठन को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई। उनकी सादगी को आज भी लोग याद करते हैं। जयंती कार्यक्रम के बाद कांग्रेस नेता उपेंद्र सिंह ने प्रस्ताव दिया कि पूर्व सांसद तिलकधारी सिंह की नगर में प्रतिमा स्थापित होनी चाहिए। इसपर सभी ने सहमति जताई। निर्णय लिया गया कि इस प्रस्ताव को जिला कांग्रेस के कार्यकारिणी में रखा जाएगा। इसके लिए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से शिष्टमंडल मुलाकात करेगा और जमीन उपलब्ध कराके प्रतिमा लगवाने की मांग करेगा।




