


टुंडी में सात जनवरी को लगेगा स्वास्थ्य मेला 

स्वास्थ्य कर्मियों ने किया प्रचार-प्रसार, सहियाओं ने निकाला कैंडल मार्च
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) :
आगामी 7 जनवरी, बुधवार को टुंडी में प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टुंडी सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य उपकेंद्रों में मंगलवार को स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। वहीं सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य सहियाओं ने देर शाम कैंडल मार्च निकालकर लोगों से स्वास्थ्य मेला में पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की। 
इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रवण कुमार ने बताया कि विभागीय आदेशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टुंडी परिसर में स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जा रहा है। स्वास्थ्य मेला में आम लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न रोगों की जांच एवं परामर्श हेतु अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मेला में सामान्य चिकित्सा, मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार नियोजन परामर्श, मोतियाबिंद जांच, ईएनटी जांच, दंत चिकित्सा जांच, त्वचा रोग जांच, पोषण परामर्श, कुष्ठ नियंत्रण, टीबी नियंत्रण, मलेरिया तथा अंधापन की रोकथाम से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने प्रखंड क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वास्थ्य मेला में पहुंचकर नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श का लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें।




