बिरनी में सांसद खेल महोत्सव का समापन रविवार को, एसडीपीओ ने लिया तैयारियों का जायजा 

Advertisements

बिरनी में सांसद खेल महोत्सव का समापन रविवार को, एसडीपीओ ने लिया तैयारियों का जायजा 

डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : बिरनी प्रखंड कार्यालय से सटे प्लस टू उच्च विद्यालय पलौंजिया स्टेडियम में 4 जनवरी को संसद खेल महोत्सव समापन सह पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जोर-शोर से तैयारी की जा रही है, जो देर रात तक पूरी कर ली जाएगी।

शनिवार शाम करीब चार बजे बगोदर–सरिया एसडीपीओ धनंजय राम एवं थाना प्रभारी देवानन्द कुमार कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा के देखरेख में बनाए जा रहे मंच व पंडाल, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल में प्रवेश व निकासी मार्ग तथा वाहनों की पार्किंग व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव दिए। एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री सहित सांसद–विधायकों के वीआईपी वाहनों के लिए कार्यक्रम स्थल के पास ही विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

थाना प्रभारी देवानन्द कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 40 सशस्त्र पुलिस बल, 5 पुलिस पदाधिकारी के अलावा चौकीदारों की भी तैनाती की जाएगी।

कार्यक्रम प्रभारी सह सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा ने बताया कि संसद खेल महोत्सव का समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह 4 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से प्रारंभ होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी होंगी। इसके अलावा हजारीबाग सांसद मनीष जयसवाल, चतरा सांसद कालीचरण सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री सह धनवार विधायक बाबूलाल मरांडी, जमुआ विधायक मंजू देवी, बरकट्ठा विधायक अमित यादव, कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव, बरही विधायक मनोज यादव तथा चतरा विधायक जनार्दन पासवान मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान झारखंडी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ छउ नृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम की तैयारी में धनवार विधायक प्रतिनिधि पवन साव, लक्ष्मण दास, दिलीप दास, लक्ष्मण सिंह, मनोज चन्द्रवंशी, अशोक राय, मुकेश पांडेय, अशोक पांडेय, मुकेश यादव, सूरज कुमार मोदी, सरजुलाल पासवान, अनिल पासवान सहित कई कार्यकर्ता सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top