



भाजपा तिसरी में 25 को मनाएगी सुशासन दिवस, बाबूलाल होंगे शामिल

डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में भव्य तरीके से मनाने की तैयारी को लेकर सोमवार को तिसरी में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता तिसरी मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा एवं चंदौरी मंडल अध्यक्ष सुनील साव ने की।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष महादेव दुबे तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता रामचंद्र ठाकुर उपस्थित थे। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के अवसर पर 25 दिसंबर को तिसरी में एक विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के बीच विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष महादेव दुबे ने कहा कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को तिसरी में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी शिरकत करेंगे।
