



सरदार पटेल की पुण्यतिथि पर भाजयुमो ने किया श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन

डीजे न्यूज, दुमका :
भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 75वीं पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रूपेश मंडल के नेतृत्व में दुमका इंडोर स्टेडियम परिसर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित कर सरदार पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव कांत ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने आज़ादी के आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई और कई बार जेल की यातनाएं सहने के बावजूद कभी अपने लक्ष्य से विचलित नहीं हुए। उन्होंने देश के विभाजन का पुरजोर विरोध किया और भारत की एकता एवं अखंडता के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि रियासतों के एकीकरण में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका रही, जिसके चलते सैकड़ों रियासतों का भारत में विलय संभव हुआ और एक सशक्त राष्ट्र की नींव पड़ी।
वहीं भाजयुमो जिला अध्यक्ष रूपेश मंडल ने कहा कि सरदार पटेल ने नव स्वतंत्र भारत को साहस, दृढ़ विश्वास और एकता के सूत्र में बांधा। आज का मजबूत और आत्मविश्वासी भारत उनकी दूरदृष्टि और राष्ट्रनिर्माण की सोच का परिणाम है। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूत नींव रखने और आधुनिक भारत के निर्माण में सरदार पटेल के योगदान को अविस्मरणीय बताया।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्य समिति सदस्य अंजुला मुर्मू, जिला अध्यक्ष गौरव कांत, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, मार्शल ऋषि राज टुडू, भाजयुमो जिला अध्यक्ष रूपेश कुमार मंडल, मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू, नगर अध्यक्ष मृणाल मिश्रा, ओम केसरी, रंजीत कुंवर, रामकृष्ण हेमब्रम सहित अन्य भाजपा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
