



झरिया में गोलीकांड : गैंगवार में गई प्रेम यादव की जान, आठ के खिलाफ प्राथमिकी
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : झरिया कतरास मोड़ स्थित रतनजी पेट्रोल पंप के समीप बीते मंगलवार को हुई गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतक प्रेम यादव के पिता सुनील राय की शिकायत पर झरिया पुलिस ने 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस जांच में पता चला है कि प्रेम यादव बिहार के छपरा का रहने वाला था और एक पेशेवर अपराधी था। वह शूटर का काम सुपारी लेकर करता था। 2 अक्टूबर को छपरा के जलालपुर चौक पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर राहुल पांडे और सूरज पांडे पर गोलियां बरसाई थीं, जिसमें राहुल पांडे की मौत हो गई थी।
पुलिस कयास लगा रही है कि बिहार में चल रहे गैंगवार के कारण प्रेम यादव की हत्या हुई है। पुलिस को यह भी पता चला है कि बिहार पुलिस की दबिश के बाद वह एक महीने से अधिक समय से झरिया में छुपा हुआ था।
