गिरिडीह के नन्हें शटलर का राज्य में जलवा, डी राजवीर बने अंडर-13 चैंपियन

Advertisements

गिरिडीह के नन्हें शटलर का राज्य में जलवा, डी राजवीर बने अंडर-13 चैंपियन

 अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिनिधित्व

उपायुक्त बोले-खेल प्रतिभाओं को मिलेगा पूरा सहयोग, गिरिडीह के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चमकेंगे

डीजे न्यूज, गिरिडीह : लोहरदगा में 13 से 15 अक्टूबर तक आयोजित “Yonex Sunrise Mini Sub-Junior State Badminton Tournament 2025” में गिरिडीह के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। डी. राजवीर ने अंडर-13 बॉयज़ सिंगल्स वर्ग में राज्य चैंपियनशिप का खिताब जीतकर सबका दिल जीत लिया। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए हुआ है, जो आगामी दिनों में गया (बिहार) में आयोजित होगी।

इसी प्रतियोगिता में डे-बोर्डिंग बैडमिंटन प्रशिक्षण केन्द्र, गिरिडीह में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे वैभव कृष्ण ने अंडर-13 बॉयज डबल्स वर्ग में रनर-अप स्थान हासिल किया, जबकि काश्वी कृष्णा ने अंडर-13 गर्ल्स सिंगल्स वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया। इन उपलब्धियों पर उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। मौके पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। उपायुक्त रामनिवास यादव ने खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि रिडीह के नन्हें खिलाड़ी सीमित संसाधनों में भी मेहनत, अनुशासन और लगन से राज्य स्तर पर जिले का नाम ऊँचा कर रहे हैं। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। जिला प्रशासन द्वारा खेल प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि गिरिडीह के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। जिला खेल पदाधिकारी ने भी खिलाड़ियों और प्रशिक्षक मुकेश कुमार की सराहना की। उपायुक्त ने कहा कि प्रशिक्षक के समर्पण और निरंतर मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो पाई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top