आसनबनी की घटना के विरोध में सोनोत संथाल समाज ने किया प्रदर्शन, केंद्रीय संयोजक रमेश टुडू ने कहा दोषियों पर अविलंब करें कार्रवाई नहीं तो करेंगे उग्र आंदोलन 

Advertisements

आसनबनी की घटना के विरोध में सोनोत संथाल समाज ने किया प्रदर्शन, केंद्रीय संयोजक रमेश टुडू ने कहा दोषियों पर अविलंब करें कार्रवाई नहीं तो करेंगे उग्र आंदोलन

डीजे न्यूज, बलियापुर, धनबाद:

बीते 11 जुलाई को‌ आसनबनी मौजा में अधिग्रहित जमीन पर कब्जा किए जाने के दौरान रैयत किसानों के साथ पुलिस एवं सेल कंपनी के लोगों द्वारा की गई लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को सोनोत संथाल समाज के बैनर तले ग्रामीणों ने रैली निकाली। रैली में शामिल लोग बलियापुर हाई स्कूल मैदान जुलूस की शक्ल में प्रखंड कार्यालय पहुंचे। प्रखंड कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर घटना के खिलाफ आवाज बुलंद किया।

परंपरागत हथियार से लैस थे

रैली में शामिल सैकड़ों आदिवासी महिला पुरुषों ने अपने हाथों में तीर धनुष, कुल्हाड़ी लिए हुए थे। वे हाथों में जिला प्रशासन मुर्दाबाद, सेल कंपनी होश में आओ, जमीन अधिग्रहण के नाम पर आदिवासियों को भूमिहीन करना बंद करो आदि नारे लिखी तख्तियां लिए चल रहे थे। नेतृत्व संथाल समाज के केंद्रीय संयोजक रमेश टुडू, प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र किस्कू, पूर्व मुखिया समीर मुर्मू आदि कर रहे थे।

प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना

बलियापुर प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रदर्शन करने के बाद आंदोलनकारी वहीं धरना पर बैठ ग ए। समाज के केंद्रीय संयोजक रमेश टुडू ने कहा कि आदिवासी एवं मुलवासियों की जमीन अधिग्रहण कर उन्हें भूमिहीन तथा रिफ्यूजी बनाने की साजिश रची जा रही है। इसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में डीवीसी एवं सिंदरी फैक्ट्री के लिए भी संथाल आदिवासी एवं मुलवासियों की भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है। ग्रामीणों की अब जो भी भूमि बची है उसे भी अधिग्रहण कर लिया जाएगा तो लोग भूमिहीन हो जाएंगे।  उन्होंने दोषी पुलिस कर्मियों एवं सेल कंपनी के लोगों के विरुद्ध अविलंब कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऎसा नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

इस दौरान आंदोलनकारियों के प्रतिनिधिमंडल बीडीओ से मिला। मुख्यमंत्री के नाम चार सूत्री मांग पत्र सौंपा।

वक्ताओं में राजेंद्र किस्कू, पूर्व मुखिया समीर मुर्मू, सोनाराम मुर्मू, शंभू टुडू, अबीलाल किस्कू, प्रवीण हांसदा, उर्मिला देवी, सुचित्रा मुर्मू, सुहागी देवी, अनीता मुर्मू आदि थे। अध्यक्षता समाज के प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र किस्कू ने की। संचालन नुनु लाल हेंब्रम कर रहे थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top