विधायक राज सिन्हा ने सेवा कार्यों को बताया समाज की आत्मा

Advertisements

विधायक राज सिन्हा ने सेवा कार्यों को बताया समाज की आत्मा

डीजे न्यूज, धनबाद:

कमल सेवा संस्थान द्वारा कटोरिया कांवर पथ में आयोजित निःशुल्क कांवरिया सेवा शिविर की रजत जयंती सम्मान समारोह में धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने शिरकत की।

समारोह में विधायक ने संस्थान द्वारा किए जा रहे निःस्वार्थ सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे सनातन संस्कृति का जीवंत उदाहरण बताया। उन्होंने सेवा कार्य में लगे स्वयंसेवकों को मंच पर सम्मानित किया और संस्था की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को समर्पण, श्रद्धा और कर्मयोग का संगम कहा।

श्रद्धालुओं को राहत देना पुण्य का काम

विधायक ने कहा कि संस्थान जैसे संगठन समाज की चुपचाप सेवा करते हैं, बिना किसी दिखावे के। कांवर यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को राहत प्रदान करना कोई छोटा कार्य नहीं। मैं इस पुण्य कार्य से जुड़े हर व्यक्ति को धन्यवाद देता हूँ और आश्वस्त करता हूँ कि भविष्य में हर आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राजनीति में सेवा का भाव सबसे ऊपर होना चाहिए। अगर हम जनप्रतिनिधि होते हुए सेवा संगठनों को प्रोत्साहित न करें, तो हमारी भूमिका अधूरी रह जाती है। विधायक ने कहा कि सेवा और संस्कृति का संगम ही राष्ट्र की असली शक्ति है। ऐसे कार्यों को प्रोत्साहित करना हमारा कर्तव्य है और मैं अपने क्षेत्र में हर उस संस्था के साथ खड़ा हूं जो समाज को बेहतर बनाने का कार्य कर रही है।

इनकी रही उपस्थिति

समारोह में पूर्व सांसद पशुपति नाथ सिंह, भाजपा नेता व बिहार धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन, कमल सेवा संस्थान के अध्यक्ष रवि सिन्हा सहित सामाजिक कार्यकर्ता, संस्थान के पदाधिकारी और स्वयंसेवक उपस्थित थे।

सेवा के 25 वर्षों की स्मृतियां

कमल सेवा संस्थान पिछले ढाई दशकों से कांवरियों की सेवा हेतु विश्राम, भोजन, चिकित्सा और प्राथमिक सहायता की निःशुल्क व्यवस्था करता आ रहा है। यह संस्थान धनबाद ही नहीं, पूरे झारखंड में सेवा कार्यों के लिए जाना जाता है।

 

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top